चकेरी थाना क्षेत्र में मंगलाविहार अंडरपास के पास रविवार देर शाम भाई के घर जा रहे बाइक सवार दंपती को तेज रफ्तार बेकाबू लोडर ने रौंद दिया। हादसे में दोनों की जान चली गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार लोडर पर कुल तीन 4500 के चालान हैं। चालक की तलाश की जा रही है।
चकेरी सनिगवां निवासी चंद्रपाल सिंह यादव (43) रूमा स्थित फैक्टरी में काम करते थे। बेटे आशीष ने बताया कि पिता और मां अनीता देवी (40) दोनों रविवार देर शाम करीब सात बजे बर्रा के दामोदरनगर में रहने वाले अपने भाई नवल किशोर के घर मिलने जा रहे थे। मंगला विहार अंडरपास के पास रामादेवी की ओर से जा रहे तेज रफ्तार लोडर ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। आशीष के अनुसार राहगीरों के शोर मचाने पर चालक ने पकड़े जाने के डर से माता-पिता को रौंद दिया। कुछ दूरी पर लोडर से कूदकर भाग निकला। इस दौरान पिता चंद्रपाल की मौके कर ही मौत हो गई जबकि मां अनीता ने हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।