चकेरी पुलिस ने बुधवार देर रात फतेहपुर हाईवे पर दो कंटेनरों में भरे गए 64 मवेशी पकड़े हैं। इन्हें झारखंड से उन्नाव ले जाया जा रहा था। दोनों वाहनों के चालकों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने मवेशियों के मालिक और चालकों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है।
एसीपी चकेरी अभिषेक पांडेय ने बताया कि फतेहपुर हाईवे पर दो कंटेनरों में भरकर मवेशी ले जाने की सूचना मिली थी। चकेरी थाने का फोर्स तैनात कर दिया गया। पुलिसकर्मियों को देख कंटेनरों के अंदर बैठे लोग भाग निकले। दोनों कंटेनरों व उनके चालकों को पकड़ा गया। दोनों कंटेनरों में 32-32 मवेशी भरे मिले। एक कंटेनर कौशांबी के सैनी क्षेत्र का दीपचंद और दूसरा कौशांबी के गुलामीपुर निवासी राजकरण का निकला। पशुओं के मालिक की जानकारी की जा रही है।