सचेंडी में खेत में खुले पड़े बक्से को देखते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
सचेंडी थाना क्षेत्र के लालूपुर गांव में सोमवार देर रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर नकदी और जेवरात समेत करीब 36 लाख का माल पार कर दिया। मंगलवार सुबह जागने पर परिवार के लोगों ने बिखरा सामान देखा तो होश उड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की।
लालूपुर निवासी जगमोहन नामचीन बिस्किट फैक्टरी में ठेकेदारी करते हैं। पीड़ित के अनुसार वह छोटे बेटे मनीष के साथ रहते हैं। बताया कि सोमवार को बेटे मनीष की पत्नी मंजू की तबीयत खराब होने पर वह उसे लेकर धरारा गांव स्थित ससुराल दवा लेने गया था। देर होने पर बेटा और बहू वहीं रुक गए जबकि वह घर के बाहर बरामदे में सो गए। मंगलवार सुबह जब नींद खुली तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान जमीन पर फैला पड़ा था और अलमारी और बक्सा गायब थे। घर से करीब 150 मीटर दूर खेत में टूटी अलमारी और 50 मीटर दूर खुला बक्सा पड़ा मिला।