केक काटकर जन्मदिन मनाते विधायक अमिताभ बाजपेई व अन्य
- फोटो : अमर उजाला
सपा विधायक अमिताभ बाजपेई पर बिना अनुमति विद्यालय में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाए जाने पर एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के 12 दिन बाद ही मामले की चार्जशीट तैयार कर ली है। इसमें वादी की गवाही के अलावा इलेक्ट्रानिक साक्ष्य को आधार बनाया है। ग्वालटोली थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि करीब 20 पन्नों की चार्जशीट तैयार है जिसे दो-तीन दिन के भीतर कोर्ट में दाखिल कर दिया जाएगा।
बता दें कि परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में एक जुलाई को सपा विधायक ने बिना किसी अनुमति के बच्चों के साथ मिलकर सपा मुखिया का जन्मदिन मनाते हुए केक काटा था। वीडियो भी वायरल हुआ था। शिक्षा विभाग ने मामले को संज्ञान में लेते हुए अगले ही दिन प्रधानाध्यापक नवीन कुमार को निलंबित कर दिया। तीन जुलाई को नवीन ने सपा विधायक के खिलाफ ग्वालटोली थाने में तहरीर दी थी। इसमें विधायक पर केक काटने के साथ ही बच्चों को ड्रेस वितरित करने का भी आरोप लगाया। पुलिस ने सपा विधायक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।