कानपुर में एसटीएफ ने बुधवार को ट्रांसपोर्ट नगर में छापा मार कर भारी मात्रा में अंग्रेजी ब्रांड की मिलावटी शराब बनाने के लिए सप्लाई किए जा रहे विभिन्न ब्रांडों (इंपीरियल ब्लू, रॉयल स्टैग व मेक्डॉवल नंबर वन) की बोतलों के 19 हजार ढक्कन बरामद किए।
माल को कानपुर से लखनऊ तक भेजने की जिम्मेदारी निभाने वाले अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया है। एसटीएफ की कानपुर यूनिट को सूचना मिली कि मिलावटी शराब बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की खेप ट्रांसपोर्ट नगर स्थित ग्रीन टाइम ट्रांसपोर्ट पहुंचनी है।
इस पर इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार के निर्देशन में टीम ने ट्रांसपोर्ट में छापा मार कर माल (19400 विभिन्न ब्रांडों के ढक्कन, दो टैक्स इनवॉयस एल्युमीनियम सील्स, दो मोबाइल फोन, डीएल, आधार कार्ड व 2020 रुपये) बरामद कर लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान बजरिया के बकरमंडी निवासी अंकुर जायसवाल के रूप में हुई है।