एक साल पहले इत्र कारोबारी के घर में लूटपाट करने वाले डकैत को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। डकैत के पैर में गोली लगी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला युसुफपुर भगवान मकरंदनगर निवासी इत्र कारोबारी विमलेश चंद्र तिवारी के परिवार के सदस्यों को 29 जून 2023 को बंधक बनाकर डकैती की वारदात अंजाम दी गई थी।
बदमाश सात लाख 30 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर व लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर फरार हो गए थे। पुलिस टीम ने नौ जुलाई 2023 को डकैती में शामिल अखिलेश जोशी, सुल्तान मोगिया, मनोज उर्फ मनोहर पारदी, जादव और दाताराम उर्फ दादाराम को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया था। वारदात में शामिल छठे डकैत को दो जुलाई 2024 को मध्यप्रदेश के जिला अशोक नगर निवासी विक्की पारदी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि सातवां डकैत मध्य प्रदेश के गुना के थाना धरनावदा के ग्राम मुरादपुर निवासी चप्पड़ राजन काले उर्फ चप्पड़ पारदी फरार था।