कन्नौज जिले में ईद पर घर आने के दौरान आगरा में टोल प्लाजा के निकट सड़क हादसे में साले की मौत हो गई और जीजा घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन आगरा के लिए रवाना हो गए। दोनों ईद का त्योहार मनाने के लिए स्कूटी से घर आ रहे थे।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के उमर्दा चौकी क्षेत्र के अमीनाबाद मोहल्ला निवासी चांदबाबू उर्फ नन्हे (22) अपने जीजा गुरसहायगंज निवासी सैमुद्दीन (40) के साथ जयपुर में प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। परिजनों ने बताया कि रविवार को ईद का त्योहार मनाने के लिए दोनों स्कूटी से घर आ रहे थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे आगरा में एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा से कुछ आगे स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में स्कूटी सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां पर इलाज के दौरान चांदबाबू ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। शव घर पहुंचते ही परिजनों समेत आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई।