कन्नौज जिले के तिर्वा में तालाब किनारे पत्नी के शव को दफना कर पति अपने पिता और भाई के साथ फरार हो गया। शव दफनाए जाने की सूचना पर पुलिस मंगलवार देर रात गांव पहुंची और तालाब में दफनाए गए शव को बाहर निकलवाकर विवाहिता के परिजनों को जानकारी दी। पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा कि विवाहिता की हत्या की गई है या आत्महत्या के बाद शव को दफनाया गया था।
ठठिया थाना क्षेत्र के ग्राम कौलेपुरवा निवासी शीलू दोहरे की डेढ़ माह पहले बिहार के जिला पूर्णिया के थाना बरारा के ग्राम कलंबा निवासी निक्की (20) से प्रेम विवाह किया था। ग्रामीणों ने बताया कि शीलू मजदूरी करता है और उसके परिवार में पिता राकेश दोहरे व एक छोटा भाई है। शादी के बाद से शीलू और उसकी पत्नी में आए दिन विवाद होता रहता था। 13 मई के बाद से शीलू और उसका परिवार गायब है। मंगलवार को कुछ लोगों को आशंका हुई कि तालाब के किनारे शव दफन है और उसके ऊपर जलकुंभी डाली गई है।