कन्नौज के छिबरामऊ कस्बे में घर के बाहर बर्तन धुल रही बालिका पर एचटी लाइन का तार टूट कर गिर गया। बालिका की मौके पर मौत हो गई। हादसे से गांव के लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने हंगामा करना शुरु कर दिया। एसडीएम गौरव शुक्ला और सीओ शिवकुमार थापा ने लाइन बदलवाने का आश्वासन देकर सभी को शांत कराया।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे कसाबा चौकी क्षेत्र की पश्चिमी मड़ैया निवासी दिव्यांग आनंद शुक्ला की आठ वर्षीय बेटी नेहा घर के बाहर लगे नल पर बर्तन धुल रही थी। तभी हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर उस पर गिर गया। करंट की चपेट में आने से नेहा की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव के लोग आनंद शर्मा के घर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया। भाजपा नेता मुनीश मिश्रा, बीडीसी अगम मिश्रा ने एसडीएम गौरव शुक्ला और सीओ शिवकुमार थापा को सूचना दी। अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
लाइन हटवाने की मांग पर अड़े रहे गांव के लोग
हादसे के बाद ग्रामीणों ने कहा कि गांव के बीच से निकली लाइन हटने के बाद ही नेहा के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। लाइन हटने के बाद ही आपूर्ति भी शुरू होने दी जाएगी। एसडीएम गौरव शुक्ला के समझाने के बाद ग्रामीण पोस्टमार्टम करवाने के लिए तैयार हुए। यह लाइन हटवाने की मांग पर अड़े रहे। अंत में एसडीएम ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर लाइन हटवाने का आश्वासन दिया।