खेत पर घास मारने की दवा डाल रहे किसान को जहरीले कीड़े ने काट लिया। अस्पताल ले जाते समय किसान ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। चाचा की सूचना पर पुलिस ने रविवार सुबह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। तालग्राम थाना क्षेत्र के किशनपुर निवासी रवीश चंद्र (35) पुत्र रघुनंदन जाटव खेती करते थे। शनिवार शाम 5:30 बजे के करीब अपने खेत में खरपतवार घास को नष्ट करने वाली दवा स्प्रे मशीन से डाल रहे थे।
इस दौरान किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। किसान की खेत पर ही हालत बिगड़ गई और बेहोश होकर गिर पड़े। काफी समय बाद आसपास के किसानों ने पड़ा देखा तो परिवार वालों को जानकारी दी। वाहन की व्यवस्था कर परिजन अस्पताल ले जा रहे थे। अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में दम तोड़ दिया। सौ शैय्या अस्पताल के डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। किसान का शव देर रात घर आते ही पत्नी संगीता, मां आशादेवी रो-रो कर बेसुध हो गईं। मृतक के तीन संतानों में पुत्री मानवी, नैना और एक पुत्र गगन है। चाचा सर्वेश कुमार ने पुलिस को सूचना दी। उप निरीक्षक रज्जन लाल ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।