विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भांडाफोड़ किया है। पुलिस ने 2.25 करोड़ रुपये की ठगी में आठ साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके छह साथी अभी फरार हैं। एसपी ने गिरफ्तारी के लिए आठ पुलिस टीमों का गठन किया है। पकड़े गए साइबर ठगों के पास से ठगी से संबंधित काफी सामग्री बरामद की है।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया कि झारखंड के हजारीबाग निवासी मोहम्मद अहसान व कुशीनगर जनपद के रामप्रताप की शिकायत पर तिर्वा कोतवाली पुलिस ने आठ साइबर ठगों को गिरफ्तार कर 16 एंड्रायड मोबाइल, 30 सिम, 176 बैंक पासबुक, दो एटीएम समेत दो चेकबुक बरामद, 160 पासपोर्ट साइज फोटो, फोन एसेसरीज व बैंक रसीद बरामद की है। पुलिस ने तिर्वा निवासी कौशलेंद्र यादव, अनुज लोधी, प्रशांत गुप्ता, अर्पित द्विवेदी, ईशू ठाकुर उर्फ सचिन तोमर, विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के अहिरुआ राजारामपुर निवासी प्रियांशु यादव, कोतवाली छिबरामऊ के ग्राम रामपुर बैजू निवासी शैलेंद्र राठौर उर्फ शीलू ठाकुर व चंदरपुर निवासी लवकुश सिंह उर्फ शिवम को गिरफ्तार किया है।