कन्नौज। अंकों की विपरीत परिस्थिति के बाद भी जिला पंचायत अध्यक्ष का पद भाजपा की झोली में डालने वाले सांसद सुब्रत पाठक का कद पार्टी में एक बार फिर बढ़ गया। वार्ड 16 की बागी प्रत्याशी प्रिया शाक्य को पार्टी में वापस लाने व प्रत्याशी बनाने का निर्णय उन्हीं का था।
शुक्रवार को अचानक हुई प्रेस कांफ्रेंस में प्रिया शाक्य की जीत होने का दावा कर सांसद ने सभी को चौंका दिया था। हालांकि उन्होंने अंकगणित के पत्ते नहीं खोले। सपा सदस्यों के एक साथ आने, शत प्रतिशत वोट पड़ने, सभी वोट वैध होने की सूचना के बाद से असमंजस का माहौल था। तब भी भाजपाई निश्चिंत दिखे। परिणाम आने पर पता चला कि भाजपा के चक्रव्यूह से सपा अपने लोगों को बचा नहीं सकी। इस जीत को पार्टी में कद बढ़ने से जोड़कर देखा जा रहा है। यही नहीं सांसद ने अभी यह भी दावा कर रखा है कि जिले में ज्यादा से ज्यादा ब्लाक प्रमुख भी भाजपा के ही होंगे।