कन्नौज: क्षतिग्रस्त 108 एंबुलेंस
- फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होकर फिटनेस के लिए लखनऊ जा रही एंबुलेंस टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) की मौत हो गई। चालक समेत दो लोग घायल हुए हैं।
यूपीडा और एनसीसी (नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड) के गश्ती दल ने घायलों को अस्पताल भेजा। मथुरा जिले के थाना माट के गांव जाबरा नगला विशाल निवासी कृष्ण कुमार (25) 108 एंबुलेंस और स्टाफ के साथ मंगलवार को अलीगढ़ में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में ड्यूटी पर गए थे।
चालक ने बताया कि एंबुलेंस में कुछ खराबी आ गई थी। इससे जिला एटा के थाना निजामपुर के गांव मनुपुर लासौंना निवासी ईएमटी विनीत (30) और राजेश (40) के साथ फिटनेस कराने लखनऊ जा रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर थाना तालग्राम के तिलकापुर के पास बुधवार सुबह साढ़े चार बजे के करीब एंबुलेंस का अगला टायर फट गया।
इससे यह बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कालेज तिर्वा भेजा गया। यहां गंभीर रूप से घायल ईएमटी विनीत को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एंबुलेंस को क्रेन की मदद से टोला प्लाजा के निकवा कट पर खड़ा कर दिया गया। कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेश प्रताप सिंह का कहना है कि विभाग और परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है।