कन्नौज जिले के उमर्दा कस्बे में आबादी क्षेत्र से होकर गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार शनिवार सुबह अचानक टूटकर गिर पड़ा। तार एक कपड़े की दुकान के टिनशेड पर गिरा, जिससे आग लग गई। गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली निगम के खिलाफ आक्रोश फैल गया।
नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर साफ कहा कि जब तक हाईटेंशन लाइन के नीचे सुरक्षा गार्ड नहीं लगाए जाते, तब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने दी जाएगी। उमर्दा स्थित काऊ मिल्क प्लांट और वेजिटेबल प्लांट को बिजली आपूर्ति करने के लिए करीब 10 साल पहले अनुमानित पांच करोड़ की लागत से 33 हजार वोल्ट की लाइन कस्बे से करीब एक किलोमीटर दूर आबादी क्षेत्र से होकर गुजरी है।