हमीरपुर जिले में एक शादी के जश्न में उस समय खलल पड़ गया, जब पुलिस डीजे पर नाच रहे जीजा को ही उठा ले गई। यह देखकर लोग हैरान रह गए। तब पता चला कि शराब के नशे में जीजा अपनी साली को डीजे पर जबरन बार-बार नचाने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान साली अपने जीजा जी से दूरी बनाने की कोशिश करती रही, लेकिन जीजा जी ने नशे में होश खो रखा था। जीजा की हरकतों से परेशान साली ने पुलिस बुला ली।
मिली जानकारी के अनुसार, जिले के कुरारा कस्बे का यह मामला है। यहां साली की शिकायत पर रात में पुलिस जीजा को उठाकर थाने ले गई और उसे पूरी रात थाने में रखा। बुधवार दोपहर तक परिवार के लोग थाने पहुंचे और आपसी समझौते के बाद जीजा को छुड़ाया। बता दें कि गांव का रहने वाला जगरूप गुड़गांव में गार्ड की नौकरी करता है। उसके छोटे भाई जगदीश की शादी बीती 10 जून को बांदा में हुई थी। शादी में जगरूप की साली भी आई थी।