कानपुर देहात। अकबरपुर में एक आभूषण व्यवसायी से आठ लाख रुपये की ठगी हो गई। इसमें एक आयुर्वेदिक कैंप संचालक ने बेटी की शादी का बहाना बनाकर व्यवसायी से नकदी ली और बदले में नकली आभूषण देकर चंपत हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
अकबरपुर के नयागंज निवासी अंजनी कुमार अवस्थी ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उनकी सदर बाजार में आभूषण की दुकान है। करीब चार महीने से शिवकुमार नाम का एक व्यक्ति, जो खुद को आयुर्वेदिक औषधि कैंप का संचालक बताता था। उनकी दुकान पर आता-जाता रहता था। शिवकुमार अक्सर रुपयों की जरूरत बताता और गारंटी के तौर पर कुछ आभूषण दुकान पर रख जाता था। समय पर रुपये वापस कर देता था। इससे उन्हें आरोपी पर विश्वास हो गया। एक दिसंबर की दोपहर लगभग 2 बजे आरोपी दुकान पर आया और बेटी की शादी करने के नाम पर आठ लाख रुपये उधार लिए।
उसने एक महीने के भीतर रकम लौटाने का वादा किया और हमेशा की तरह कुछ आभूषण गारंटी के तौर पर रख दिए। तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी जब आरोपी रुपये लेकर वापस नहीं आया तो उन्होंने आरोपी को कॉल कर संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। इसपर उन्होंने उस स्थान पर जाकर भी देखा जहां आरोपी ने कैंप लगने की बात कही थी, लेकिन वहां कोई आयुर्वेदिक कैंप लगा नहीं मिला।
वापस दुकान पर आकर उन्होंने आरोपी की ओर से गारंटी के तौर पर रखे जेवर की जांच की तो वह नकली निकले। अकबरपुर थानाध्यक्ष हरमीत सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।