रूरा के थाना गली में ढलान पर फंसी आलू लदी ट्रैक्टर ट्रॉली।
- फोटो : AKBARPUR
रूरा (कानपुर देहात)। कस्बे की थाना गली से रोक के बाद भी आलू लादकर ट्रैक्टर ट्रालियां निकाली जा रही हैं। शुक्रवार को बड़ा हादसा होते बचा। ढलान पर आलू लदी ट्रैक्टर ट्राली बेकाबू हो गई और मकान से टकराकर गली में फंस गई। करीब एक घंटे बाद ट्रैक्टर ट्राली हटवाकर गली से आवागमन सुचारु किया गया।
कस्बे में आरओबी निर्माण के चलते दोपहिया व हल्के चार पहिया वाहनों को थाना गली से निकाला जा रहा है। मालवाहक वाहन रोक के बाद भी इसी रास्ते से निकलते हैं। आलू लदी ट्रैक्टर ट्राली निकलने से इंटरलाकिंग सड़क धंस गई है। नालियां ध्वस्त हो गई हैं और भूमिगत पाइप लाइन कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। शुक्रवार की सुबह 10.30 बजे थाना गली के ढलान पर आलू लदी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित हो गई। ब्रेक नहीं लगाने पर ट्राली मकान से टकराकर फंस गई। ट्रैक्टर ट्राली का चालक मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि कोई चपेट में नहीं आया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को अकबरपुर तिराहे वाले रूट से निकाला। आलू की बोरियां हटवाकर पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली निकलवाई। करीब एक घंटे बाद थाना गली से आवागमन बहाल हो सका। कस्बा चौकी प्रभारी प्रभाकर यादव ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली को हटवा दिया गया है।