जालौन जिले में दो दिन पहले बीमारी से पिता की मौत से परेशान दसवीं की छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी। जब परिजन घर वापस लौटे तो दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों की छत से झांककर देखा तो उसका शव जाल से लटक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर जांच-पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थानाध्यक्ष कृष्णपाल का कहना है कि दो दिन पहले पिता की मौत से छात्रा सदमें में थी जिसके चलते उसने फंदा लगाकर जान दे दी। कोटरा कस्बे के गणेशगंज निवासी शीलू (17) ने रविवार शाम घर के जाल में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जब परिजन घर वापस लौटे तो उसके शव को लटका देखकर हैरान रह गए।
मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि शीलू के पिता बलराम सिंह मध्यप्रदेश के दतिया में एएएफ-29 बटालियन में सिपाही थे और दो दिन पहले उनकी बीमार से मौत हो गई थी। जिसके चलते शीलू सदमें में थी। दो बहन एक भाई में दूसरे नंबर की थी। दो दिन में पति व पुत्री की मौत से मां ऊषा देवी सहित अन्य परिजनों का बुरा हाल है।