Jalaun News: कैलिया थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बरोदा कला में शनिवार सुबह प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क पर बाइक के पास अधेड़ का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने रंजिश के चलते हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क हादसा मानकर जांच कर रही है।
जालौन जिले में कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम बरोदा कला में शनिवार सुबह प्राथमिक विद्यालय के पास मोड़ पर सड़क के बीच एक्सेल सुपर पावर बाइक और उसके पास रामप्रकाश अहिरवार (58) उर्फ सटोले का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क हादसा मान रही है।
रामप्रकाश शुक्रवार रात खाना खाने के बाद घर में सोए थे। शनिवार सुबह शौचक्रिया के लिए निकली महिलाओं ने सड़क पर शव और बाइक पड़ी देख ग्रामीणों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर सीओ परमेश्वर प्रसाद और कैलिया थानाध्यक्ष अवनीश पटेल पुलिस बल के साथ पहुंचे। फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।