Hardoi News: बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में घर के बाहर खेल रहा एक किसान का दो वर्षीय मासूम बेटा अअचानक घर के पीछे भरे बाढ़ के पानी में गिरकर डूब गया। पूरी रात खोजबीन के बाद शनिवार सुबह करीब परिजनों ने मासूम का शव पानी से बाहर निकाला।
हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में कटरी बिछुइया के मजरा चिरंजूपुरवा में घर के बाहर खेलते समय दो वर्षीय मासूम बाढ़ के पानी में गिर गया। डूबने से मासूम की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामसेवक का पुत्र अनमोल (2) शुक्रवार शाम घर के पीछे की तरफ खेलने गया था। इसी दौरान वह बाढ़ के पानी में डूब गया। काफी देर तक वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
विज्ञापन
रात भर खोजबीन के बाद शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे परिजन सियाराम और वेदराम ने घर के पीछे भरे बाढ़ के पानी से अनमोल को बाहर निकाला। जीवित होने की आस में तत्काल बिलग्राम सीएचसी लाए। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता खेती-किसानी करते हैं। तहसीलदार दीपक गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर दैवी आपदा में नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।