कानपुर। रतन ऑर्बिट में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के वक्त बेटा सुब्रत और बहू शालू तिलकनगर के कॉस्मोजिन लाउंज में चल रही किटी पार्टी में थे। अब जांच में सामने आया है कि पार्टी दोनों ने ही आयोजित की थी। शालू की बहन सोनिया और भाई धीरज अरोड़ा ने शालू और उसके पति के आयोजनकर्ता होने की पुष्टि की है। पार्टी में फार्मा कारोबार से जुड़े 30-35 लोग शामिल हुए थे, जिसका समय रात 11:30 बजे से रखा गया था। दोनों एक घंटे पहले साढ़े दस बजे ही वहां पहुंच गए थे। इस दौरान अपने छह साल के बेटे को भी साथ ले गए थे। यह तथ्य सामने आया है कि पार्टी में आए खर्च को रतनलालनगर निवासी एक दवा कारोबारी ने चुकाया था। लाउंज संचालक लवी मिश्रा ने बताया कि पार्टी में सुब्रत और शालू शामिल हुए थे। वे तय समय से एक घंटे पहले पहुंचे थे। हालांकि बिल का भुगतान उन्होंने नहीं किया था। पार्टी में तीन-चार केक भी काटे गए थे। संभावना है कि लोगों का बर्थडे था।
-
सुब्रत और शालू की हुई थी डेस्टिनेशन वेडिंग
धीरज अरोड़ा ने बताया कि उनकी दो बहनें सोनिया और शालू हैं। शालू ने लखनऊ से बीकॉम और बीएड किया। उसकी शादी 23 नवंबर 2020 को सुब्रत के साथ डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में नैनीताल में हुई। शालू ने कभी कोई शिकायत नहीं की।