यूपी का एक शहर ऐसा भी हो जो क्रिकेटप्रेमियों की पहली पसंद बना हुआ है। इसकी वजह है वहां का इंटरनेशनल स्टेडियम । हम बात कर रहे हैं कानपुर शहर के ग्रीनपार्क की। जहां 10 और 13 मई को आईपीएल-10 के दो मैच होने वाले हैं। ये आईपीएल की लोकप्रियता का ही असर है कि केवल दो दिनों में कानपुर करोड़ों रुपये के वारे-न्यारे कर देगा। कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में 10 और 13 मई को होने वाले आईपीएल मैचों में शहर को केवल दो दिनों में 10 करोड़ रुपये का कारोबार मिलेगा। विश्व के 200 से अधिक देशों के लोग टीवी पर कानपुर को देखेंगे और उसके बारे में जानेंगे। आईपीएल की दीवानगी का अंदाजा मात्र इसी से लग सकता है कि शहर के सभी प्रमुख होटल बुक हो चुके हैं। लैंडमार्क, विजय इंटरनेशनल, रॉयल क्लिफ, मीरा इन, स्वागत, गौरव, ब्लिस, रास समेत सभी होटलों में 8 से 13 मई तक कमरों की बुकिंग है। गुजरात लायंस ने अकेले ही 150 से अधिक कमरे लिए हैं। लैंडमार्क के एमडी विकास मल्होत्रा का कहना है कि हमारा होटल 1 मई से लेकर 14 तक बुक है। टीमों के लिए इस बार भी विशेष आयोजन किए गए हैं। वहीं विजय इंटरनेशनल के मैनेजर डेनियल का कहना है कि 7 से 14 तक बुकिंग है। पिछली बार सभी पूर्व खिलाड़ी इसी में ठहरे थे।
तो इस तरह कमाई करेगा कानपुर...
डेमो पिक
होटलों की कमाई, डेढ़ करोड़
शहर में होटल लैंडमार्क में 120, विजय इंटरनेशनल में 92, रॉयल क्लिफ में 26, ब्लिस में 20, मीरा इन में 40, स्वागत होटल में 20, द विला में 12, कानपुर क्लब में 16, गैंजेज में 4 कमरे हैं। इन होटलों को किराए मैच के दौरान करीब डेढ़ करोड़ (अनुमानित) मिलेंगे।
कार-टैक्सी, पेट्रोल-40 लाख रुपये
एक इनोवा का किराया करीब 1000 रुपये प्रतिदिन है, मैचों में करीब 300 टैक्सियां बुक होंगी। इनका किराया 3 लाख रुपये होगा। 6 दिन में 18 लाख रुपये होगा। इसके अलावा पेट्रोल, डीजल की खपत बढ़ेगी और ड्राइवरों व अन्य को भी काम मिलेगा। सब कुछ जोड़कर करीब 40 लाख रुपये की आय इनको होगी।
40 लाख रुपये का टेंट-कुर्सी
दोनों मैचों के लिए स्टेडियम की दीर्घाओं को तिरपाल से कवर किया जा रहा हैं। कारण है कि 13 मई वाला मैच शाम 4 से शुरू होगा। इसके अलावा कुर्सी और मेज के साथ सोफा सेट भी रहेंगे। दो दिनों में करीब 40 लाख रुपये का काम टेंट हाउस वालों को मिलेगा।
यूपीसीए को दो-तीन करोड़ रुपये
एक आईपीएल मैच के लिए खेल विभाग को यूपीसीए की ओर से 25 लाख रुपये शुल्क जमा करना होता है। दो मैचों के लिए 50 लाख रुपये जमा होंगे। यह धनराशि शासन के खेल विभाग को मिलेगी। बीसीसीआई से यूपीसीए को करीब दो-तीन करोड़ रुपये मुनाफा मिलेगा।
सजाने में खर्च होंगे एक करोड़ रुपये
डेमो पिक
कानपुर शहर को आईपीएल के रंग में डुबोने के लिए फ्रेंचाइजी की ओर से विज्ञापन के लिए एक करोड़ रुपये तक खर्च किए जाते है। इसमें दीवारों पर पेंटिंग, बैनर, पोस्टर आदि का काम करने वालों को काम मिलता है।
30 लाख की टी शर्ट और टोपी बिकेंगी
गुजरात लायंस फ्रेंचाइजी मैचों के दौरान अपनी टी-शर्ट की बिक्री करती है। एक टी शर्ट 250 रुपये में पिछले साल बिकी थी। इस बार 5 हजार टी शर्ट बिक्री का अनुमान है। इससे करीब साढ़े 12 लाख की आय का अनुमान है। इसके अलावा शहर में कैप, टी शर्ट का बाजार काफी बड़ा है। कुल मिलाकर करीब 30 लाख रुपये की बिक्री होगी।
मोबाइल और एलईडी की बिक्री दो करोड़
इनटेक्स कंपनी जो मोबाइल और एलईडी का काम करती है उसी ने गुजरात लायंस टीम को खरीदा है। आईपीएल मैचों के दौरान शहर में दो करोड़ रुपये तक के मोबाइल और एलईडी बिक्री का अनुमान है। इसकी कमाई शहर के दुकानदारों को होती है।