कानपुर के ग्रीनपार्क में अंतरराष्ट्रीय मैच का आखिरी दिन क्रिकेट प्रेमियों के लिए सोने पे सुहागा साबित हुआ। बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ मैच का लुत्फ लेने पहुंचे। मतलब पैसा वसूल। टेस्ट मैच के पांचवें दिन सबसे ज्यादा दर्शक पहुंचे। सी बालकनी हो या स्टूडेंट गैलरी।
हर दर्शक दीर्घा करीब हाउस फुल रही। एक अनुमान के मुताबिक करीब 20 हजार दर्शक मैच देखने पहुंचे। यूपीसीए और जिला प्रशासन को अंदाजा था कि सोमवार को मैच निर्णायक होने के कारण बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचेंगे। यह अंदाजा सही साबित निकला।
लंच तक पवेलियन बालकनी, पवेलियन ग्राउंड, सी बालकनी, ई पब्लिक, बी गर्ल्स, न्यू प्लेयर्स पवेलियन, डी चेयर आदि गैलरी में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच चुके थे। धीरे-धीरे सभी पवेलियन तकरीब फुल हो गईं। हालांकि वीवीआईपी पवेलियन जरूर खाली रही।
टिकट काउंटरों पर लगी रही भीड़
स्टेडियम के बाहर बने बुक माई शो के स्टॉलों में टिकट खरीदने वाले दर्शकों की भीड़ लगी रही। पिछले चार दिनों की अपेक्षा सोमवार को ज्यादा टिकट बिके। सुबह 10:30 बजे तक सी बालकनी के अधिकांश टिकट बिक चुके थे। पवेलियन बालकनी, ई पब्लिक, डी चेयर के भी टिकट तेजी से बिके। यह सिलसिला दोपहर में लंच के बाद तक चला।