उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के पैलानी थाना क्षेत्र के इछावर गांव निवासी दीपक (18) गुरुवार को सुबह अतरहट गांव निवासी तांत्रिक ने झाड़फूंक के नाम पर कमरे में बंदकर पीटा। दरअसल, युवक को कई दिनों से बुखार आ रहा था, जो सही नहीं हो पा रहा था। इस पर कुछ लोगों ने युवक के परिजनों को बताया कि उनका बेटे पर भूत-प्रेत का साया आ गया है। इससे बचने के लिए तांत्रिक को दिखाओ। इसके बाद परिजनों ने चिल्ला थाना क्षेत्र के अतरहट गांव निवासी एक कथित तांत्रिक को बेटे की झाड़ फूंक के लिए बुलाया।
पीट-पीटकर किया अधमरा, आंख की रोशनी भी गई
इस मामले में मित्र विवेक सिंह और परिजनों ने बताया कि दीपक को कई दिनों से बुखार आ रहा था। सुधार न होने पर अंधविश्वास के चलते तंत्र-मंत्र का सहारा लिया था। तांत्रिक ने मंत्रोंच्चारण करते हुए उसकी पिटाई करना शुरू कर दिया था। इस दौरान दीपक चिल्लाता रहा, लेकिन उसने एक नहीं सुनी। तांत्रिक की मार से बेटा अधमरा हो गया और बेहोश हो गया। इसमें बेटे की एक आंख भी खराब हो गई। इस बीच घटनास्थल पर ग्रामीण पहुंच गए और तांत्रिक की जमकर पिटाई करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया।