मुंबई से लखनऊ आ रही एलटीटी एक्सप्रेस (02121) में पैंट्रीकार का अवैध वेंडर यात्रियों से नाश्ता और लंच के नाम पर अतिरिक्त रुपये वसूल रहा था। एक यात्री ने इसकी शिकायत रेल मंत्री पीयूष गोयल से ट्वीट करके की तो रेल मंत्रालय हरकत में आ गया।
आरपीएफ ने वेंडर को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रेन के बी-2 कोच में खावर जलीस अपनी पत्नी, बेटी के साथ बर्थ नंबर 25, 26, 28 में यात्रा कर रहे थे। ट्रेन में उन्होंने ब्रेकफास्ट ऑर्डर किया। ऑमलेट 50 रुपये का था लेकिन वेंडर 60 से 70 रुपये में बेच रहा था।
इसका वीडियो बनाकर उन्होंने ट्वीट किया तो कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर आरपीएफ ने उन्हें, पैंट्रीकार मैनेजर बालकृष्ण पांडेय और वेंडर ओमप्रकाश से पूछताछ की। मामला मुंबई रूट की ट्रेन का था तो वेंडर को गिरफ्तार कर उसे जूही आरपीएफ थाने के सुपुर्द कर दिया गया। मैनेजर का कहना है कि वह उनका वेंडर नहीं है।
जबकि वह पैंट्रीकार से ही खाना लेकर यात्रियों को परोस रहा था। उसका मेडिकल सर्टिफिकेट एक्सपायर हो चुका था। जूही थाने की इंस्पेक्टर शिप्रा ने बताया कि अवैध वेंडर ओमप्रकाश फतेहपुर का रहने वाला है। उसे झांसी की रेलवे कोर्ट में हाजिर किया जाएगा। पैंट्रीकार मैनेजर पर विभागीय जांच व कार्रवाई होगी।