कानपुर में जाजमऊ स्थित बीमा अस्पताल के पास अवैध बूचड़खाने का सोमवार को पुलिस ने बजरंगियों के साथ भंडाफोड़ किया। इन लोगों को चापड़ और लाठी-डंडे लेकर कसाइयों ने दौड़ा लिया। इससे वहां पर जमकर हंगामा हुआ। दो थानों का फोर्स पहुंचा तब पुलिस 11 कसाइयों को गिरफ्तार कर सकी।
मुख्य आरोपी समेत तीन लोग भाग गए। पुलिस ने मौके से चापड़, कुल्हाड़ी, इलेक्ट्रानिक तराजू और तीन क्विंटल मांस, चार दोपहिया वाहन, फ्रीजर, जीप, दो लोडर और एक ई-रिक्शा बरामद किया है। मांस का सैंपल जांच के लिए भेजा है।
सोमवार सुबह बजरंग दल के अमरनाथ, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष हेमंत सेंगर, आनंद सिंह, सरस सोनी, शुभम गुप्ता, अजय सिंह आदि पहुंचे तो वहां अवैध रूप से बूचड़खाना चलता मिला। इसकी सूचना उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को दी।
बजरंगियों ने पुलिस के साथ बूचड़खाने में घुसकर कसाइयों को पकड़ने का प्रयास किया। इस पर वे हमलावर हो गए और चापड़ लेकर दौड़ा लिया। वहां हंगामा होने लगा। इन लोगों ने भाग जान बचाई। सूचना पर चकेरी और रेलबाजार का फोर्स पहुंचा।