आईआईटी कानपुर में शनिवार को कुछ पीएचडी छात्र पीपल के पेड़ के नीचे तेल का दीपक जलाकर शनिदेव की पूजा कर रहे थे। तभी वहां कुछ सिक्यॉरिटी कर्मी पहुंचे और छात्रों को पूजा करने से मना किया। छात्रों ने इसका विरोध किया तो वे कहासुनी पर उतर आए।
सुरक्षा कर्मियों ने छात्रों को पूजा पूरी नहीं करने दी। इससे नाराज छात्र भवनदीप शर्मा ने अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट करते हुए विरोध जताया। छात्र ने आईआईटी के निदेशक प्रो. अभय करंदीकर को टैग करते हुए नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि सिक्यॉरिटी कर्मियों ने धार्मिक आस्था पर चोट की है।
छात्र के पोस्ट करते ही वर्तमान व पूर्व छात्रों ने घटना का विरोध शुरू कर दिया। पूजा करने से रोकना और सैनिकों के लिए अपमानजनक टिप्पणी को लेकर संस्थान में छात्रों के बीच काफी आक्रोश है। छात्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।