आईआईटी ने नौसेना के लिए तैयार किया ड्रोन
- फोटो : अमर उजाला
समुद्र के उफनाते तूफान में फंसे नौसैनिकों को डूबने से बचाने के लिए आईआईटी कानपुर ने एक ड्रोन तैयार किया है। यह ड्रोन लाइफ सेविंग जैकेट फेंककर न केवल नौसैनिकों को डूबने से बचाएगा बल्कि समुद्री जहाज तक उस सैनिक की सही लोकेशन भी भेजेगा। शुरुआत में इसे नौसेना के लिए डिजाइन किया जा रहा है, लेकिन आने वाले समय में इसका इस्तेमाल प्राकृतिक आपदा में फंसे लोगों को बचाने के लिए भी किया जाएगा।
आईआईटी से इंक्यूबेटेड स्टार्टअप एथ्रोन एयर स्पेस कंपनी ने 2015 में इस ड्रोन पर काम करना शुरू किया था। एआई ऑपरेटेड इस ड्रोन में सेंसर, हाई विजुअल कैमरे और डिवाइस लगाई गई है। यह डिवाइस जहाज के साथ भी अटैच होगी, जो लोकेशन देती रहेगी। समुद्र में जैसे ही कोई तूफान आता है और किसी सैनिक के पानी में गिरने की जानकारी होती है तो आसपास खड़े जहाज के कंट्रोल रूम में लगे बटन को ऑन करने पर दो सेकेंड में ड्रोन एक्टिवेट हो जाता है।