प्लेसमेंट के मामले में एक बार फिर से आईआईटी कानपुर ने देश के अन्य सभी आईआईटी संस्थानों को पीछे छोड़ दिया है। इंस्टीट्यूट के 87 प्रतिशत छात्रों को इस बार प्लेसमेंट के पहले फेज में जॉब ऑफर हुए हैं।
सोमवार को इंस्टीट्यूट के प्लेसमेंट सेल ने पहले फेज का आंकड़ा जारी कर दिया। इसके अनुसार इस बार प्लेसमेंट के लिए कुल 1053 छात्रों ने पंजीयन कराया था। इनमें 87 फीसद छात्रों को कुल 238 कंपनियों ने जॉब ऑफर किए हैं।
आईआईटी खड़गपुर में 82 प्रतिशत छात्रों को 192 मल्टीनेशनल और स्टार्टअप कंपनियों ने जॉब ऑफर किए हैं, जबकि आईआईटी दिल्ली में 81 और आईआईटी बांबे में 85 प्रतिशत छात्रों को पहले फेज में प्लेसमेंट मिला है। आईआईटी मद्रास में कुल 1452 छात्र-छात्राएं प्लेसमेंट के लिए पंजीकृत थे, जिसमें 80 प्रतिशत छात्रों को जॉब ऑफर हुई है।
आईआईटी कानपुर
ओवरऑल 30 और कानपुर में 40 प्रतिशत का इजाफा
सभी आईआईटी संस्थानों में इस बार 30 प्रतिशत प्लेसमेंट का इजाफा हुआ है, जबकि आईआईटी कानपुर में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। आईआईटी कानपुर के उप-निदेशक प्रो. मणिंद्र अग्रवाल बताते हैं कि इस बार हायरिंग सेक्टर में नए युवाओं की ज्यादा डिमांड देखी गई है। बड़ी संख्या में स्टार्टअप कंपनियों के शुरू होने से भी हायरिंग में इजाफा देखने को मिला है।
ड्यूअल डिग्री वालों को सबसे ज्यादा मौका
आंकड़ों के मुताबिक सर्वाधिक ड्यूअल डिग्री वालों को जॉब ऑफर मिले हैं। इनकी संख्या 97 प्रतिशत है। स्नातक में 83 प्रतिशत और परास्नातक में 78 प्रतिशत छात्रों को जॉब ऑफर हुए हैं। पिछले साल स्नातक में 81 प्रतिशत, ड्यूअल डिग्री में 95 और परास्नातक में 81 प्रतिशत छात्रों का प्लेसमेंट हुआ था।
आईआईटी कानपुर
सात छात्रों को एक करोड़ से अधिक का मिला पैकेज
प्लेसमेंट ड्राइव में इस बार सात आईआईटीयंस को एक करोड़ से अधिक का पैकेज मिला है। सर्वाधिक पैकेज सोशल मीडिया साइट फेसबुक ने दो छात्रों को दिया है। प्रत्येक का सलेक्शन 1.42 करोड़ रुपये सालाना पैकेज पर हुआ है। इसके अलावा माइक्रोसॉफ्ट ने भी तीन छात्रों को सवा-सवा करोड़ के पैकेज दिए थे। दो अन्य छात्रों को ऑरेकल कंपनी ने एक-एक करोड़ के पैकेज पर चयनित किया है।
कुल पंजीकृत छात्र : 1053
कंपनियां : 238
जॉब ऑफर : 988
छात्रों द्वारा स्वीकार जॉब : 845