इटावा। दिवाली पर आतिशबाजी पर होने वाले अग्निकांड से निपटने के लिए दमकल विभाग, सफाई के लिए नगर पालिका और घरों में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए बिजली निगम पूरी तरह से अलर्ट हैं। इसके लिए तीनों ही विभागों ने स्टाफ के साथ बैठक करके त्योहारों के लिए योजना बना ली है। दमकल विभाग ने गाड़ियों पर स्टाफ को तैनात कर दिया है। विभागों की ओर से अपने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। बिजली व पानी संबंधी दिक्कत होने पर लोग इन नंबरों पर कॉल कर मदद ले सकते हैं।
दिवाली पर हर साल जमकर आतिशबाजी होती है। आतिशबाजी और खरीददारी के बाद शहर का गंदगी पसर जाती है। रात को हुई आतिशबाजी के बाद सुबह गली-गली में कूड़ा बिखरा मिलता है। ईओ संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि टीमें तैयार कर दी गई हैं। शहरवासी कचरे को खुले में न फेंके। कूड़े को गाड़ी में ही डालें। सुबह व शाम दो चरणों में सफाई करवाई जा रही है। एक हजार से अधिक कर्मचारी सफाई में लगे हुए हैं। ईओ ने बताया प्रयास यही है कि शहर में साफ-सफाई से लेकर पानी की कोई समस्या न हो। इससे जुड़ी समस्या आती है तो पालिका के कंट्रोल रूम नंबर 7060921264 और 7060921533 पर संपर्क किया जा सकता है।
दिवाली पर लोगों को सबसे ज्यादा जरूरत बिजली की होती है। क्योंकि दिवाली दीपों का पर्व है और घर में रोशनी होना जरूरी है। अब घरों में दीये जलाने के साथ-साथ लोग रंग बिरंगी लड़ियों से भी घरों को रोशन करते हैं, जिसके लिए बिजली की जरूरत होती है। निगम के एसई आशीष कुमार लाल का कहना है कि किसी तकनीकी फाल्ट आदि की वजह से कही पर बिजली बंद होती है तो उसके लिए बिजली निगम के शिकायत केंद्र को एक्टिव कर दिया गया है। रात के लिए सभी पावर हाउस पर दो से तीन कर्मचारियों को तैनात रखा जाएगा। जो शिकायत आते ही उसे दूरी करेंगे। उपभोक्ता निगम के टोल फ्री नंबर 1912 के साथ ही कंट्रोल रूम 9412000737 पर फोन कर सकते हैं। इसके साथ ही कोई भी परेशानी होने पर अधीक्षण अभियंता के 9412748844, एक्सईएन प्रथम 9412748800, एक्सईएन द्वितीय 9412748806, एक्सईएन तृतीय 9412740150 सीयूजी नंबर पर कॉल करके जानकारी दे सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने दिवाली पर जिला अस्पताल में इमरजेंसी सेवाओं के लिए डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई है। इसमें इमरजेंसी में 24 घंटे दो चिकित्सक व अन्य स्टाफ मौजूद रहेगा। फिजीशियन, सर्जन, नाक,कान व गला रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ ऑनकॉल ड्यूटी पर उपलब्ध रहेंगे। सीएमएस डॉ. पारितोष शुक्ला ने बताया कि 05688297123 का नंबर 24 घंटे चालू रहेगा। इस पर कोई भी कॉल कर सकता है। इसके साथ ही सीयूजी नंबर 9412771678 पर भी कॉल कर सकते हैं।
दीपावली पर आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग की ओर से जिलेभर में 55 फायर कर्मचारियों की तैनाती की गई हैं। ऐसे में इन कर्मचारियों की ड्यूटी 12-12 घंटे के दो शिफ्टों में लगाई गई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि जिले में फायर ब्रिगेड की आई गाड़ियां और दो फायर बाइक हैं। तंग गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बड़ी गाड़ियां नहीं पहुंच पाती हैं। ऐसे स्थानों पर फायर बाइक का इस्तेमाल किया जाएगा। आतिशबाजी लगने वाले सभी स्थानों पर फायर टेंडर तैनात रहेंगे। वहीं, मोबाइल टीमें मुख्यालय पर तैनात रहेंगी। कोई भी घटना होने पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी के मोबाइल नंबर 9454418419 व 112 नंबर पर कॉल कर सूचना दे सकते हैं।