कानपुर। रणजी ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश ने जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया। कप्तान आर्यन जुयाल और कोच ज्ञानेंद्र पांडेय के मार्गदर्शन में यूपी ने बिहार को उसके घरेलू मैदान राजगीर स्टेडियम में एक पारी और 267 रन से करारी शिकस्त दी। पहली पारी में 540 रन बनाने वाली यूपी की टीम ने बिहार को दोनों पारियों में क्रमशः 141 और 132 रन पर समेट दिया। इस जीत से यूपी को सात अंक मिले। 150 रन की शानदार पारी खेलने वाले माधव कौशिक को मैन ऑफ द मैच चुना गया। यूपी का अगला मुकाबला 18 अक्तूबर से कानपुर के ग्रीनपार्क में गोवा से होगा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूपी की टीम ने माधव कौशिक के 150, रिंकू सिंह के 112, आराध्य यादव के 84 और जीशान अंसारी के 58 रन की बदौलत 153.1 ओवर में 540 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में बिहार ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 44 रन बनाए थे। मंगलवार को तीसरे दिन यूपी के गेंदबाजों ने शिकंजा कसते हुए बिहार की पहली पारी 52.1 ओवर में 141 रन पर समेट दी। बिहार की टीम से मंगल ने सर्वाधिक 25 रन बनाए।
यूपी की ओर से कार्तिक यादव और करन शर्मा ने चार-चार विकेट लेकर बिहार की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। पहली पारी में 399 रन की बढ़त हासिल करने वाली यूपी ने बिहार को फॉलोऑन दिया। दूसरी पारी में भी बिहार की टीम यूपी के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सकी और 36.4 ओवर में 132 रन पर ढेर हो गई। बिहार की ओर से मंगल ने सर्वाधिक 27 रन बनाए। यूपी की ओर से जीशान अंसारी ने चार, करन शर्मा ने तीन, कार्तिक यादव ने दो और अभिनंदन सिंह ने एक विकेट लिया।