चित्रकूट में झांसी-मीरजापुर हाईवे पर कोल गदहिया गांव के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने साइकिल सवार मजदूर को रौंद दिया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया।
कोतवाली क्षेत्र के रेहुटिया निवासी 35 वर्षीय राजा भैया कर्वी मुख्यालय में ट्रैफिक चौराहे पर मजदूर मंडी में मजदूरी की तलाश में आया था। वहां से वापस लौटते समय करीब साढ़े दस बजे कोल गदहिया गांव मोड़ के सामने पहुंचने पर प्रयागराज से बांदा जा रही रोडवेज बस ने रौंद दिया।
उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया लेकिन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने उन्हें समझा कर शांत कराया। हालांकि ग्रामीण अभी भी नाराज हैं। इसके मद्देनजर पुलिस सतर्क है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रोडवेज बस को कब्जे में लिया गया है।