ताखा। एक अप्रैल से प्रदेश में टोल टैक्स की नई दरें लागू हो जाएगी। एक अप्रैल से प्रदेश में टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों को नई दरों से भुगतान करना होगा। छोटे वाहन चालकों से एक्सप्रेसवे पर अभी भी पुरानी दर से टोल टैक्स लिया जाएगा।
बुंदेलखंड एक्स्प्रेसवे पर दो पहिया, तीन पहिया, कार, जैसे वाहनों पर टोल टैक्स बढ़ाया नहीं गया है। भारी वाहनों पर 10 रुपये से लेकर 25 रुपये तक बढ़ाए गए हैं। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सबसे ज्यादा गिट्टी, मौरंग लेकर डंपर चलते हैं। इन्हीं वाहनों पर मामूली टैक्स बढ़ा है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 288 कुदरैल छोर के टोल प्लाजा मैनेजर जितेंद्र कुमार ने बताया कुदरैल से चित्रकूट जाने वाले छोटे वाहनों के अलावा बस व ट्रक की टोल दरें पुरानी हैं।
थ्री एक्सेल से लेकर सिक्स एक्सेल तक के वाहनों पर कुदरैल से लेकर चित्रकूट तक 10 रुपये बढ़ाए हैं। कुदरैल से चित्रकूट का अब इन वाहनों से 3040 रुपये टैक्स लिया जाता था। अब उन्हें 3050 रुपये चुकाने होंगे। साथ ही सात एक्सेल या उससे अधिक वाले अधिक क्षमता के वाहनों को 25 रुपये ज्यादा देने होंगे। पहले इनसे 3895 रुपये लिए जाते थे। अब 3920 रुपये देने होंगे। अन्य छोटे वाहनों एवं कार चालकों पर कोई टोल टैक्स नहीं बढ़ाया गया।