जिला अस्पताल में औषधि वितरण कक्ष में दवा लेने के लिए मरीजों की लगी लाइन। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिला अस्पताल में नए सीएमएस ने मंगलवार को कार्यभार संभाल लिया। उनके स्वागत-सत्कार के लिए बाल रोग विशेषज्ञ सीएमएस के कमरे में चले गए। इस दौरान ओपीडी में बच्चों को दिखाने आए अभिभावकों की लंबी लाइन लग गई। गर्मी में लाइन में लगे बीमार बच्चे बिलबिला गए। कई मरीज बिना डॉक्टर को दिखाए ही वापस लौट गए।
सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी से लेकर औषधि केंद्र तक लंबी लाइन लगी हुई थी। दोपहर 12 बजे संतकबीर नगर के जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरपी गुप्ता अकबरपुर स्थित अस्पताल पहुंचे। वहां उनके स्वागत की तैयारियां पूरी थीं। सभी लिपिक, पैरामेडिकल स्टाफ और डॉक्टर बारी-बारी से उनके पास गए और बधाई दी। इस दौरान मरीजों के अन्य काम प्रभावित हुए। दोपहर 12:30 बजे बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमर चंद्रा के कक्ष के बाहर बच्चों को लेकर अभिभावक लाइन में लगे हुए थे। अकबरपुर की शीतल देवी ने बताया कि दोपहर 12 बजे लाइन में लग गए थे। आधे धंटे बाद भी जब डॉक्टर नहीं आए तो वापस लौटना पड़ा। इसी तरह डेरापुर के आलोक, सरवनखेड़ा के सुधीर सिंह ने बताया कि डॉक्टर के बारे में कोई स्टाफ भी सही जानकारी नहीं दे पाया। वहीं, जिला अस्पताल में औषधि केंद्र पर सोमवार को लंबी लाइन लगी थी। जल्दबाजी के चलते मरीज एक-दूसरे से चिपक कर खड़े थे। औषधि केंद्र के पास लगा पंखा काफी धीमा चल रहा था। ऐसे में मरीजों के पसीने छूट गए।
नए सीएमएस डॉ. आरपी गुप्ता ने बताया कि शासन की प्राथमिकता है कि मरीजों को सरकारी अस्पताल में सारी दवाएं मिल जाएं। इसके लिए प्रयास भी किए जा रहे हैं। डॉक्टरों को निर्देशित किया जाएगा कि अस्पताल के बाहर की दवा नहीं लिखें। डॉ. आरपी ने बताया कि सरकारी योजनाओं का ठीक तरीके से लागू करना प्राथमिकता में होगा। अभी तक जिला अस्पताल के सीएमएस पद का प्रभार डॉ. वंदना सिंह पर था।