इस जानकारी के बाद पुलिस ने पहले भगवतदास घाट के पास स्थित एक शराब के ठेके और फिर पुलिस लाइन के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तो पता चला कि शव मूलरूप से झांसी के लहराचूरा ग्राम लारौनी निवासी हेड कांस्टेबल खेमचंद्र वर्मा का था। वह सुबह पांच बजे पुलिस लाइन से निकले थे। पुलिस की सूचना पर मेरठ में तैनात खेमचंद्र के प्रशिक्षु दरोगा बेटे जितेंद्र वर्मा ने शव की शिनाख्त की थी।
पोस्टमार्टम में भी मौत का पता नहीं चल सका है
जितेंद्र ने फीलखाना थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार को दो डॉक्टरों डॉ. पीयूष वर्मा और डॉ. सतीश कुमार ने खेमचंद्र का पोस्टमार्टम किया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी हुई। पुलिस की तरफ से बताए गए हर बिंदु को देखा। करीब ढाई घंटे तक चले पोस्टमार्टम के अनुसार खेमचंद्र की मौत का पता नहीं चल सका है।
हेड कांस्टेबल की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ नहीं हुई है। अधिक शराब पीने या हार्ट अटैक से मौत की आशंका की जांच के लिए हार्ट व विसरा सुरक्षित किया गया है। आवारा जानवरों ने खेमचंद्र के शव को नोचा था, इस बात का पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जिक्र है। पुलिस की चार टीमें जांच कर रही हैं। अभी तक खेमचंद्र के साथ किसी आपराधिक वारदात होने की बात सामने नहीं आई है। फिर भी हत्या और हादसे दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है। -श्रवण कुमार सिंह, डीसीपी पूर्वी
बेटे ने एक्स पर किया पोस्ट, पिता की निर्मम हत्या की गई
हेड कांस्टेबल का बेटा मेरठ में प्रशिक्षु दरोगा जितेंद्र वर्मा और दामाद फतेहगढ़ सेंट्रल जेल चौकी प्रभारी धर्मेंद्र परिजनों के साथ शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। जितेंद्र ने कहा कि पिता की निर्मम तरीके से हत्या की गई है। शक जताया कि लेनदेन के विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया है।
जल्द दोषियों को पकड़कर कार्रवाई करेगी पुलिस
साथ ही जितेंद्र ने एक्स पर कानपुर नगर पुलिस, डीजीपी यूपी, योगी आदित्यनाथ व यूपी पुलिस को टैग करते हुए लिखा कि उनके पिता कानपुर रिजर्व पुलिस लाइन में मुख्य आरक्षी थे। गुरुवार रात 12 बजे ड्यूटी कर लौटे और सुबह चार बजे घूमने गए थे। शुक्रवार सुबह पांच बजे भगवत दास घाट नाले पर कुछ लोगों ने उनकी हत्या कर दी। साथ ही चेहरे पर तेजाब डालकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। पुलिस विभाग से आशा करता हूं कि जल्द से जल्द दोषियों को पकड़कर कार्रवाई की जाएगी।