कानपुर। हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एचबीटीयू) के मेस में छात्रों के हंगामे के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई की निगरानी छात्रों को सौंप दी है। अब छात्र ही मेस की गुणवत्ता पर नजर रखेंगे और कोई भी गड़बड़ी मिलने पर तुरंत संबंधित वार्डन को सूचना देंगे। इसके अलावा वार्डन भी आवश्यकतानुसार मेस में औचक निरीक्षण कर सकते हैं।
यूनिवर्सिटी के श्रीधराचार्य हॉस्टल में मंगलवार को मेस कर्मचारी का चप्पल पहनकर पैर से आलू धोने का वीडियो वायरल होने के बाद छात्रों ने हंगामा किया था। हॉस्टल के बाहर एकत्र होकर छात्रों ने नारेबाजी की थी और कैंपस में पैदल मार्च निकालकर प्रशासनिक भवन पहुंचे थे। छात्रों का आरोप था कि मेस के कर्मचारी शराब, सिगरेट और तंबाकू आदि का सेवन करके काम करते हैं और खाने में अक्सर गड़बड़ी होती है। घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित कर्मचारी को सेवा से हटा दिया।
इसके बाद डीएसडब्ल्यू के निर्देशन में एक जांच टीम का गठन किया गया, जिसने मेस और हॉस्टल का निरीक्षण किया। टीम ने छात्रों को ही मेस कर्मचारियों पर नजर रखने और खाने की क्वालिटी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी। छात्रों को अब साफ-सफाई और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में स्वतंत्रता दी गई है। किसी भी कमी या गड़बड़ी की स्थिति में छात्र सीधे विश्वविद्यालय प्रशासन से शिकायत कर सकते हैं।