हरदोई जिले में पिहानी और टड़ियावां थाना क्षेत्र में हो रही मवेशी चोरी की घटनाओं का खुलासा करने में लगी पुलिस टीमों की मुठभेड़ मवेशी चोरों से टड़ियावां थाना क्षेत्र के गुरदयालपुरवा के पास हो गई। पुलिस की गोली से दो मवेशी चोर घायल हो गए, जबकि एक उपनिरीक्षक समेेत तीन पुलिस कर्मी भी घायल हुए हैं। चोरों के पास से पुलिस ने नौ मवेशी और पिकअप डाला भी बरामद किया है।
विज्ञापन
पिछले कुछ दिनों में पिहानी कोतवाली क्षेत्र के साथ ही टड़ियावां थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से मवेशी चोरी होने की सूचनाएं एसपी को मिल रही थीं। कुछ मामलों में रिपोर्ट भी दर्ज की गई थी। एसपी केसी गोस्वामी ने चोरों को पकड़ने के लिए टड़ियावां थाने की पुलिस टीम, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया था। एसपी के मुताबिक शनिवार आधीरात के बाद मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली थी कि टड़ियावां थाना क्षेत्र में गुरदयालपुरवा में बबूल के जंगल में मवेशी चोर मौजूद हैं और चोरी के मवेशियों को पिकअप में लाद रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दी। चोरों ने पुलिस पर फायरिंग की तो पुलिस कर्मियों ने भी फायर कर दिया।
पुलिस की गोली लगने से शाहजहांपुर जनपद के थाना मदनापुर के ठुकरी गांव निवासी रतिपाल उर्फ ऋषीपाल और मझिला थाना क्षेत्र के गुलाबपुरवा निवासी सद्दाम अली घायल हो गए। मौके से पुलिस ने इनके साथ ही पिहानी कस्बे के मोहल्ला खुरमुली निवासी ताहिर को भी गिरफ्तार कर लिया। मौके से नौ मवेशी, दो तमंचे, तीन कारतूस, दो खोखा बरामद हुए हैं। घटना में टड़ियावां थाने के उपनिरीक्षक नंद कुमार तिवारी, सिपाही अतुल कुमार और ओम प्रकाश भी घायल हो गए। घायल पुलिस कर्मियों का इलाज सीएचसी टड़ियावां में कराया गया, जबकि चोरों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
इस टीम से हुई मवेशी चोरों की मुठभेड़
टड़ियावां के प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह, उपनिरीक्षक प्रेम सागर, नंद कुमार तिवारी और मुकुट सिंह यादव, एसओजी के प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश मिश्रा, सर्विलांस के प्रभारी निरीक्षक आशीष सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन लोगों का सहयोग एसओजी के दीवान राम कृष्ण द्विवेदी, सागर चौधरी, सर्विलांस के ओमवीर सिंह, नितिन गुप्ता, ब्रजनंदन प्रदीप चौधरी, अनिल सिंह चंदेल, आनंद विश्वकर्मा, मंजेश कुमार के साथ ही टड़ियावां थाने के दीवान आशीष सिंह, कृष्ण कुमार आदि भी टीम में शामिल रहे।
रतिपाल के खिलाफ दर्ज हैं आठ मामले
एसपी केसी गोस्वामी ने बताया कि पुलिस की गोली से घायल रतिपाल उर्फ ऋषीपाल बेहद शातिर है। उसके खिलाफ शाहजहांपुर जनपद के मदनापुर थाने में आठ मामले दर्ज हैं। इनमें जानलेवा हमला, धारदार हथियारों से हमला, अवैध शस्त्र अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट आदि के मामले भी शामिल हैं। पिहानी कस्बे के खुरमुली निवासी ताहिर के खिलाफ भी पिहानी कोतवाली में दो मामले दर्ज हैं। एक मामला पशु क्रूरता अधिनियम का और दूसरा गोवध निवारण अधिनियम का मामला है।