हरदोई जिले के मल्लावां में कटरा-बिल्हौर हाईवे पर सफारी और कंटेनर की टक्कर हो गई। हादसे में सफारी पर सवार मल्लावां चेयरमैन अंकित जायसवाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सफारी में फंसी बाइक के सवार का कुछ पता नहीं चल सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम लिए भेजा है।
मृतक अंकित पूर्व मंत्री एवं भाजपा के कद्दावर नेता नरेश अग्रवाल के काफी करीबी थे। कस्बे के बड़े चौराहा गंगारामपुर निवासी चेयरमैन अंकित जायसवाल (36) रविवार दोपहर करीब दो बजे अपनी सफारी गाड़ी से बांगरमऊ की ओर जा रहे थे। कटरा-बिल्हौर हाईवे पर एलीट कॉलेज के सामने उनकी गाड़ी में कानपुर से हरदोई की ओर आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज हुई कि गाड़ी के परखचे उड़ गए। हादसे के बाद कंटेनर चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाल शेषनाथ सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और सफारी गाड़ी से किसी तरह शव को निकलवा कर सीएचसी लाए। दोनों वाहनों को रोड से हटवाया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।
आखिर कहां गया बाइक सवार
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक सवार को बचाने में अंकित की सफारी में सामने से आ रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त होकर सफारी में धंसी मिली है। बाइक सवार न तो हादसे के बाद उस स्थल पर दिखाई दिया और न ही उसका कुछ पता चल सका। पुलिस बाइक के पंजीकरण नंबर से मालिक की तलाश में जुट गई है।