ट्रक का ओवरलोडिंग में चालान भी हो चुका था
अवधेश का कहना है कि वह कानपुर से बालू ट्रक में भरकर हरदोई आ रहे थे। मल्लावां में स्पीड ब्रेकर पर ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जल निकासी के लिए बनी नाली में पहिया फंसने से पलट गया। वैसे हकीकत यह भी है कि ट्रक ओवरलोड था। आमतौर पर यह ट्रक ओवरलोड भी चलता था। इसके कारण चार बार इस ट्रक का ओवरलोडिंग में चालान भी हो चुका था। इसके अलावा नो पार्किंग में ट्रक खड़ा होने के कारण भी कई बार इस ट्रक का चालान हुआ।
तारीख जुर्माने की रकम
नौ मई 2023 67,275
20 मई 2023 50,000
छह जून 2023 73,500
13 नवंबर 2021 45,000
जनपद में अलग-अलग स्थानों पर होता है अवैध खनन
ट्रक चालक अवधेश कुमार ने कानपुर से हरदोई ट्रक में बालू लादकर जाने की बात कही, लेकिन इस बात पर सहसा किसी को विश्वास नहीं हो रहा। आमतौर पर बालू हरदोई जनपद में कानपुर से आती ही नहीं है। जालौन, हमीरपुर, बांदा आदि इलाकों से लाल बालू जिसे स्थानीय भाषा में मौरंग कहते हैं, आती है। बालू का खनन अवैध ही सही जनपद में अलग-अलग स्थानों पर होता है।
सड़क किनारे बड़े पैमाने पर बालू डंप पड़ी है
हालांकि, बिलग्राम कन्नौज मार्ग पर मेहंदीघाट पुल से कन्नौज की तरफ सड़क किनारे बड़े पैमाने पर बालू डंप पड़ी है। वहां से बालू आती है। अगर मान लिया जाए कि बालू लदा ट्रक कानपुर से आ रहा था, तो कानपुर से हरदोई के बीच सड़क पर अलग-अलग जगहों पर बैरियर लगे हैं।
सीमा पार करते हुए कहीं नहीं हुईं जांच
इन बैरियरों पर पुलिस की ड्यूटी रहती है, तो खनन विभाग के अधिकारी और परिवहन विभाग के अधिकारी भी लगातार दौरे पर होने का दावा करते हैं। बावजूद इसके इतने बैरियर पार कर बालू लदा ओवरलोड ट्रक आसानी से कानपुर, उन्नाव की सीमा पार करते हुए हरदोई जनपद में आ गया और मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में भी इसकी कहीं कोई जांच नहीं हुई।