हरदोई जिले में हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के उन्नाव-कटरा हाईवे मार्ग पर बृहस्पतिवार की सुबह घने कोहरे के बीच रोडवेज बस की सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत गई है। इससे रोडवेज बस में सवार चालक और परिचालक समेत आठ सवारी घायल हुई हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी हरपालपुर में भर्ती कराया गया है। वहां से पांच लोगों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। दिल्ली से हरदोई जा रही राज्य परिवहन निगम की बुद्ध विहार डिपो की रोडवेज बस में ड्राइवर कंडक्टर के अलावा 22 सवारियां मौजूद थीं। बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे उन्नाव-कटरा मार्ग पर रोडवेज बस जैसे ही लमकन गांव के पास पहुंची।
घने कोहरे के कारण बस की सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। बस चालक मनोज सिंह (30) पुत्र किशन सिंह, परिचालक विनोद (40) पुत्र राजकुमार निवासी किशनपुर कॉलोनी रामघाट रोड अलीगढ़, दयावती (34) पत्नी संजय निवासी डाभा बिलग्राम, उमेश (40) निवासी शिवराजपुर सवायजपुर, नीलम (36) पत्नी विनोद निवासी लोनी गाजियाबाद, अनिल (38) पुत्र सीताराम निवासी बंधनिया सुरसा, सुनीत सिंह (35) पुत्र कृष्णपाल सिंह निवासी मलवा अखवेलपुर सांडी, विनोद (38) पुत्र रामगोपाल निवासी सथरा सुरसा घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी हरपालपुर भिजवाया। वहां सुनीत सिंह, दयावती, उमेश, नीलम व अनिल को गंभीर हालत में चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक-परिचालक फरार हो गए हैं।