भाजपा जिला संयोजक डॉ. अनुराग शुक्ला
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई जिले में भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. अनुराग शुक्ला ने पंचायत चुनाव में पत्नी की ड्यूटी नहीं कटने से नाराज होकर बुधवार को पद व पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। फेसबुक पर उन्होंने अपना वीडियो अपलोड करने के साथ ही एक पोस्ट भी लिखी।
वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष ने इस्तीफा मिलने की बात से इनकार करते हुए कहा कि इस्तीफा मिलेगा तब निर्णय किया जाएगा। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. अनुराग शुक्ला ने सोशल मीडिया पर की गई पेास्ट में बताया कि वह एंटीजन टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
उनकी पत्नी की ड्यूटी पंचायत चुनाव में लगी है। घर में दस साल का बेटा और दो साल की बेटी है। उनका दावा है कि चुनाव ड्यूटी कटवाने के लिए उन्होंने भरसक प्रयास किए। जिलाध्यक्ष से भी मदद मांगी, लेकिन ड्यूटी नहीं कटी। इससे नाराज होकर उन्होंने अपने पद और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की बात कही।
उधर, दूसरी ओर भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा का कहना है कि भाजपाई होने का मतलब यह नहीं है कि चुनाव में ड्यूटी नहीं करेेंगे या फिर नियम कानून नहीं मानेंगे। चुनाव में प्रशासन ने जिसको जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे निभाना चाहिए। इस्तीफा मिलने की बात से उन्होंने इनकार किया।