हरदोई जिले में टड़ियावां थाना क्षेत्र के साखिन गोपाल गांव में सोमवार शाम कूड़ा डालने के विवाद में मारपीट हो गई। मारपीट में घायल अधेड़ की उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साखिन गोपाल निवासी कुंदन (50) खेती और मजदूरी करता था।
विज्ञापन
सोमवार शाम पड़ोस में ही रहने वाले लोगों से उसका कूड़ा डालने को लेकर विवाद हो गया था। इसी को लेकर मारपीट हो गई। पड़ोसियों ने लाठी डंडों से कुंदन को पीट दिया। गंभीर रूप से घायल कुंदन को सीएचसी टड़ियावां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार को कुंदन की मौत हो गई।
कुंदन के परिवार में पत्नी, तीन पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि अस्पताल प्रशासन की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उधर दूसरी ओर सीओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।