मल्लावां(हरदोई)। शनिवार रात मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में बस में छेड़छाड़ को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। छेड़छाड़ के आरोपी यूपी 112 टीम के हेड कांस्टेबल और मारपीट करने वाले उसके साथी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों के निलंबन के बाद दूसरे पक्ष ने पूरे प्रकरण में कोई अग्रिम कार्रवाई करने से इन्कार करते हुए पुलिस को लिखित पत्र भी दिया है।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र की यूपी 112 की पीआरवी में तैनात दयाशंकर सिंह शनिवार की रात लखनऊ से बस से मल्लावां जा रहे थे। बस में मल्लावां कस्बे के ही प्रतिष्ठित परिवार की युवती भी बैठी हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान दयाशंकर सिंह ने युवती से छेड़छाड़ की, जिस पर युवती ने हेड कांस्टेबल को पकड़ लिया और अपने परिजनों को फोन पर सूचना दे दी। बस में छेड़छाड़ के चलते सवारियों ने दयाशंकर सिंह की पिटाई कर दी। इसी बीच घटना की जानकारी पाकर दयाशंकर का एक साथी सिपाही पंकज कुमार भी संडीला-मल्लावां मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंच गया और यहां युवती के परिजनों के साथ मारपीट करने लगा। देर रात दोनों पक्षों ने पुलिस को एक दूसरे के विरुद्ध तहरीर भी दी और तहरीर के आधार पर पुलिस ने दयाशंकर सिंह के अलावा दूसरे पक्ष से दो लोगों का मेडिकल कराया। रविवार को सीओ एसआर कुशवाहा ने पूरे मामले की जांच की और दोनों पक्षों के बयान लिए। देर शाम सीओ ने बताया कि हेड कांस्टेबल दयाशंकर सिंह और उसके साथी सिपाही पंकज को निलंबित कर दिया गया है। दूसरा पक्ष दोनों पर हुई कार्रवाई से संतुष्ट है और अब आगे कोई कार्रवाई न किए जाने की बात लिखकर दी।