हरदोई जिले में अतरौली थाना क्षेत्र के शाहपुर मजरा पीपर गांव में बारिश के कारण मकान की कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर मां बेटे की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मां का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटे का शव परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बिना ही दफन कर दिया।
शाहपुर निवासी पप्पू खेती करता है। उसके मकान की कुछ दीवारें मिट्टी के गारे से ईंटे जोड़कर बनाई गई हैं। मंगलवार रात उसकी पत्नी ममता (33) और पुत्र लकी (5) कच्ची दीवार के पास चारपाई पर सोए थे। आधी रात के बाद लगभग ढाई बजे बरसात के दौरान दीवार गिर गई। मलबे में ममता और लकी दब गए, लेकिन परिजनों को इसका पता सुबह लगभग साढ़े पांच बजे चला। आनन फानन ही मलबा हटाया गया। लकी की मौत हाे चुकी थी, लेकिन ममता बेहोश थी। उसे सीएचसी भरावन ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।