हरदोई जिले के संडीला कस्बे में चक्कर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में शुक्रवार को प्रसव के दौरान महिला की मौत हो जाने से परिजनों ने हंगामा किया। ग्राम बेरुआ मजरा हथौड़ा थाना कछौना निवासी इरशाद पत्नी गुड्डी (33) को शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे प्रसव पीड़ा होने पर नगर स्थित एवन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। शाम लगभग साढ़े सात बजे महिला का ऑपरेशन किया गया, लेकिन उसका बच्चा मारा हुआ।
इसके बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल प्रबंधन ने आनन फानन मरीज को लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को वापस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर या प्रबंधन के किसी व्यक्ति के न मिलने से नाराज होकर परिजनों ने तोड़फोड़ कर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।