अमृत पेयजल योजना ने सड़कों की कर दी दुर्दशा
- फोटो : amar ujala
शुक्लागंज नगर के कई मुख्य मार्ग और मोहल्लों की गलियों की हालत अमृत पेयजल योजना ने बदतर कर दी है। भूमिगत पेयजल पाइप लाइन डालने के चलते सड़कों को दो-दो बार खोदा जा रहा है। जिससे जगह-जगह सड़कों की दुर्दशा हो गई है। ऐेसे में जिम्मेदार जल निगम को लोग कोस रहे है। खुदाई करने के बाद पैचवर्क नहीं कराया जा रहा है। जिससे लोग गिरकर चुटहिल हो रहे है और सड़क पर चलने वाले धूल फांक रहे है। बता दें कि जल निगम की अमृत पेयजल योजना का कार्य तीन साल पहले शुक्लागंज में शुरू हुआ था।
जिसे दो साल के अंदर करना था, लेकिन एक साल अधिक बीत जाने के बाद भी 40 फीसदी कार्य शेष है। जिसमें भूमिगत पेयजल पाइप लाइन डालने का कार्य अधिक है। जल निगम की कार्यदायी एजेंसी द्वारा राजधानी मार्ग सब्जी मंडी, कंचन नगर मोड़, गोपीनाथ पुरम मोड़, आजाद नगर बाजार मोड़, सहजनी-देवारा खुर्द संपर्क मार्ग, मरहला चौराहा के अलावा मोहल्ला ब्रम्हनगर, श्रीनगर, मालवीय नगर, अहमद नगर, रहमत नगर, मंशाखेड़ा, रामनगर समेत अन्य जगहों की गलियों की खुदाई तो कर दी गईं लेकिन पाइप लाइन डालने के बाद उनका बेहतर तरीके से पैचवर्क नहीं कराया गया।