हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र में बिल्हौर-कटरा मार्ग पर लछनपुरवा गांव के पास शनिवार की शाम मां के साथ सड़क पार कर रही पांच साल की बच्ची को मौरंग भरे डंपर ने रौंद दिया। हादसे के बाद भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने दबोचकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
विज्ञापन
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम लछनपुरवा निवासी बृजपाल की बेटी गौरी (5) शनिवार की शाम मां सीमा के साथ गांव के सामने बिल्हौर-कटरा मार्ग पार कर रही थी। इसी दौरान हरपालपुर की ओर से आ रहे मौरंग भरे डंपर ने रौंद दिया।
सूचना पर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और भागने का प्रयास कर रहे चालक को दबोच लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। गौरी भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गंगा प्रसाद यादव ने बताया कि चालक को हिरासत में लेकर डंपर को कब्जे में लिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।