पहाड़ी (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के गडौली बालू घाट में अवैध खनन को लेकर फायरिंग की घटना के बाद शनिवार को अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। टीम के पहुंचते ही घटनास्थल के आसपास अवैध खनन कराने वाले लोग भाग निकले। मजदूर भी वाहनों से इधर-उधर हो गए। अधिकारियों ने जांच के बाद बताया कि यहां फिलहाल नियमानुसार काम चल रहा है। फायरिंग की बात किसी ने नहीं बताई है।
गडौली बालू घाट के आसपास के गांवों के लोगों ने बताया था कि तय स्थल से अधिक स्थान पर बालू खनन और रात में बालू की ढुलाई को फायरिंग की घटना हुई थी। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी, हालांकि फायरिंग की घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। मामले में किसी ने भी पुलिस से शिकायत नहीं की है।
घटना की मामले की जानकारी होने पर शनिवार को जिला खनिज अधिकारी सन्नी कौशल टीम के साथ गडौली घाट पहुंचे और जांच की। उन्होंने कई लोगों से पूछताछ भी की। जेसीबी मशीन नदी किनारे खड़ी थी। उन्होंने बताया कि लोगाें ने फायरिंग की बात से इंकार किया है। मानक से अधिक और अन्य लोगाें द्वारा बालू की ढुलाई के मामले में भी ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष तपेश मिश्रा ने बताया कि किसी ने मामले में शिकायत नहीं की है। इससे जांच में परेशानी हो रही है।