हरदोई जिले में गुरुवार को जिलाधिकारी भी एंटीजन टेस्ट में कोरोना संक्रमित पाए गए। संक्रमण की पुष्टि होने से पहले ही प्राथामिक लक्षण दिखने पर उन्होंने बुधवार को खुद को सरकारी आवास में आइसोलेट कर लिया था।
वहीं गुरुवार को जिले में कुल 80 नए कोरोना संक्रमित मिले। जिसके साथ अब संक्रमितों की संख्या 3299 हो गई है। वहीं जिले में कुल 730 एक्टिव केस हैं। संक्रमित पाए जाने के बाद 2520 लोग स्वस्थ भी हो चुके हैं। वहीं जिले में अब 43 मौतें कोरोना से हुई हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से गुरुवार को जारी की गई सूची के मुताबिक कोविड-19 के जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (57) कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
ग्राम आशा निवासी अधेड़ (52) कोरोना संक्रमित मिला है। शहर के धर्मशाला रोड पर स्थित नबीपुरवा में एक ही परिवार के तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। पिहानी के मोहल्ला मिश्राना निवासी अधेड़ (52) को कोरोना संक्रमित पाया गया है।
बेनीगंज के मोहल्ला सुनारनटोला निवासी एक ही परिवार की तीन महिलाएं कोरोना संक्रमित मिलीं हैं। माधौगंज के ग्राम शाहपुर वसुदेव में एक ही परिवार के तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सदरपुर निवासी युवक (32) कोरोना संक्रमित मिला है।