संदीप की फाइल फोटो व घटनास्थल के बाहर लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई जिले में पिहानी कस्बे के भारतीय इंटर कॉलेज में संविदा पर तैनात लिपिक ने पड़ोस में रहने वाले दोस्त के घर जाकर लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी में गोली मारकर खुदकुशी कर ली। बैंक से वापस घर पहुंचे दोस्त ने गैलरी में शव पड़ा देखा तो शोर मचाया। घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंच गए। खबर लिखे जाने तक फोरेंसिक टीम का मौके पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था।
लखनऊ जनपद के इंटौंजा थाना क्षेत्र के सिवेरी गांव निवासी संदीप यादव (28) पिहानी कस्बे स्थित भारतीय इंटर कॉलेज में संविदा पर लिपिक के पद पर तैनात थे। पिहानी कस्बे में ही श्याम रस्तोगी के मकान में किराए पर रहते थे। मंगलवार शाम वह पड़ोस में रहने वाले अपने मित्र बैंक कर्मी अनीस शुक्ला के घर गए और अपनी लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी में गोली मार ली। अनीस की पत्नी और बड़ा बेटा नोएडा गए हुए हैं और छोटा बेटा कमरे को अंदर से बंद करके बैठा था।